Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा में एचपीवी टीकाकरण अभियान जारी, 3000 से अधिक छात्राओं को मिला लाभ

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी एवं डॉ. नीरज की देखरेख में जिला अस्पताल, हवालबाग पीएचसी तथा दौलाघट ब्लॉक में यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत बीरशेबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा की 25 पात्र छात्राओं का हवालबाग पीएचसी में टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के बाद सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा छात्राओं और अभिभावकों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर), एचपीवी संक्रमण और वैक्सीन के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित है। विभाग के अनुसार जिले के सभी ब्लॉकों में टीकाकरण अभियान जारी है और अधिकांश पात्र छात्राओं को टीका लगाया जा चुका है। हालांकि हवालबाग ब्लॉक में अभी भी कई पात्र छात्राएं टीकाकरण से वंचित हैं।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो महीनों में 3009 पात्र छात्राओं में से 1773 छात्राओं का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी प्रकार के दुष्प्रभाव की कोई रिपोर्ट सामने नहीं आई है, जिससे वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावशीलता की पुष्टि होती है।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आगे आकर अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Comment