भगवानपुर: एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भगवानपुर पुलिस ने ग्राम सिकरोडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 250 किलो गौमांस, दो लोहे की छुरियां तथा गौवंशीय अवशेष बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सूचना के अनुसार पुलिस को मुखबिर से खबर मिली थी कि बेरियों पीर की ओर जाने वाले रास्ते पर अनवर के घर के पीछे आम के पेड़ के नीचे गौकशी की जा रही है। देर रात पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां ‘कट-कट’ की आवाजें आ रही थीं और कई कुत्ते भी मौजूद थे। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच लोगों को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर इरशाद को दबोच लिया, जबकि बाकी आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए। मौके से बरामद मांस को पशु चिकित्सक की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी और फरार साथियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
