Udayprabhat
uttrakhand

सोमनाथ मैदान में 1170 अग्निवीरों ने ली देश रक्षा की शपथ, भारतीय सेना का बने हिस्सा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के रानीखेत स्थित ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान देशभक्ति के नारों से गूंज उठा, जब 1170 अग्निवीरों ने भारतीय सेना में शामिल होकर मातृभूमि की रक्षा के लिए शपथ ली। छह माह के कठिन और अनुशासित सैन्य प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं ने अंतिम पग भरते हुए सेना के सदस्य के रूप में अपना सफर शुरू किया।

समारोह के दौरान अग्निवीर बहादुरगढ़ द्वार से कदमताल करते हुए मैदान में पहुंचे। उनके उत्साह और अनुशासन को देखकर उपस्थित अभिभावक और स्थानीय लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। पूरे मैदान में “भारत माता की जय” के जयकारे गूंजते रहे। धर्म गुरुओं ने सभी अग्निवीरों को राष्ट्र रक्षा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने सभी अग्निवीरों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेना में भर्ती होना सौभाग्य की बात है और देश सेवा का अवसर केवल भाग्यशाली युवाओं को मिलता है। उन्होंने उन माता-पिता के प्रति भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने अपने पुत्रों को राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित भी किया गया। समारोह में कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर के अधिकारी, अग्निवीर सैनिकों के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन युवाओं के समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण बना।

Leave a Comment