चमोली: गौचर क्षेत्र में सारी पुल के समीप एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की गौचर पोस्ट की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और शव को सुरक्षित बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी गौचर से SDRF पोस्ट गौचर को सूचना मिली कि सारी पुल के पास एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक कुलदीपक पाण्डेय के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अज्ञात शव को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के हवाले कर दिया गया।
SDRF ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर आवश्यक सहायता प्रदान की। वहीं, जिला पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त तथा मामले से संबंधित अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव की पहचान होने तक मामले की जांच जारी रखने की बात कही है।
