राहत-बचाव में जुटीं प्रशासनिक टीमें, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
हरिद्वार: हरिद्वार में सप्तऋषि चौकी के समीप रविवार को राजस्थान से आ रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में बस सवार 25 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल मेला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला यात्री की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। प्रशासन ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कर लिया गया है। घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
