हरिद्वार: हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक संस्था कृष्ण कृपा धाम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 01 जून से 07 जून तक सात दिवसीय भव्य गीता ज्ञान–गीता ध्यान एवं श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ किया गया है। यह आध्यात्मिक आयोजन संस्था के परमाध्यक्ष एवं गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित हो रहा है।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो एकता भवन गंगा घाट, भीमगोड़ा से प्रारंभ होकर भीमगोड़ा एवं खड़खड़ी रेलवे फाटक होते हुए श्री कृष्ण कृपा धाम तक पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस शोभायात्रा की विशेषता यह रही कि इसमें कथाव्यास पंडित राम मुदगल शास्त्री और स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने एक साथ श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः 06:30 से 07:30 बजे तक गीता ध्यान, सायं 04:00 से 06:00 बजे तक गीता सत्संग तथा प्रातः 09:30 से 12:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य ज्ञान, भक्ति, धर्म और वैराग्य का संदेश दिया जाएगा।
स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि पुरुषोत्तम मास आत्मशुद्धि और भगवान के चिंतन का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि गीता का ज्ञान जीवन को सही दिशा देता है, जबकि भागवत कथा मनुष्य को ईश्वर से जोड़ने का माध्यम बनती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
