हरिद्वार: बी.एच.ई.एल स्थित विवेकानंद विचार मंच द्वारा फ्लोरा होटल, शिवालिक नगर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। स्वामी विवेकानंद के “नर सेवा नारायण सेवा” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए संस्था ने सेवा संकल्प संस्थान, रुद्रपुर (अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध) के लिए पूरे वर्ष के उपयोग हेतु राशन एवं खाद्य सामग्री से भरा ट्रक रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य दानदाता संजीव गुप्ता (स्वामी फ्लोरा होटल) द्वारा सामग्री औपचारिक रूप से रुद्रपुर से आए डालचंद जी को सौंपी गई। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
डालचंद जी ने बताया कि संस्थान के अंतर्गत कुष्ठ रोगियों के आश्रितों के लिए अब तक कोई सरकारी योजना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आश्रम परिसर में एक इंटर कॉलेज एवं नर्सिंग स्कूल संचालित किया जा रहा है, जहाँ इन बच्चों को निःशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
वक्ताओं ने बताया कि संबंधित संस्थान में कुष्ठ रोगियों के परिवारों से विच्छेदित लगभग 175 छात्राएँ निवासरत हैं। इस अवसर पर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री भेजी गई, जिसमें संस्था के सदस्यों एवं सहयोगियों का योगदान रहा।
कार्यक्रम में संजीव गुप्ता, डॉ. राधिका नागरथ, जे.सी. क्वात्रा, बलवीर तलवार, शशिपाल भनोट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन डॉ. नीता नैय्यर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संजीव गुप्ता द्वारा किया गया।
