उत्तरकाशी: उत्तरकाशी में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय की पहल पर पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सामूहिक भ्रमण की मांग के बाद पुलिस विभाग द्वारा तय किया गया।
भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने एनआईएम परिसर और संग्रहालय का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षकों से वॉल क्लाइम्बिंग, पर्वतारोहण गतिविधियों, आउटडोर एवं इंडोर प्रशिक्षण सहित विभिन्न साहसिक खेलों की जानकारी और बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान महिलाएं और बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं और बच्चों को नई सीख, मानसिक तनाव से राहत, आत्मविश्वास में वृद्धि और शारीरिक-मानसिक विकास का अवसर देते हैं। साथ ही बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है। कार्यक्रम को लेकर पुलिस परिवार ने एसपी का आभार व्यक्त किया।
