उत्तरकाशी: चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत निर्माणाधीन पोलगांव–सिल्क्यारा सुरंग का नाम अब क्षेत्र के आराध्य देवता बाबा बौखनाग महाराज के नाम पर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। सोमवार को तहसील बड़कोट में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से सुरंग का नाम “बाबा बौखनाग महाराज सुरंग” रखने का प्रस्ताव पारित कर उपजिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दिया गया।
उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, बाबा बौखनाग देवता समिति, यमुनोत्री होटल एसोसिएशन तथा स्थानीय ग्रामीणों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। समिति और होटल एसोसिएशन की ओर से सहमति पत्र भी एसडीएम को सौंपा गया, जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज कराई।
बैठक में मांग की गई कि सुरंग के दोनों छोर—सिल्क्यारा और पोलगांव—पर बाबा बौखनाग महाराज के भव्य मंदिरों का निर्माण कराया जाए। साथ ही बाबा बौखनाग की आस्था से जुड़े बौख टिब्बे को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी शासन के समक्ष रखी गई।
एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने समिति को आश्वस्त किया कि सहमति पत्र और मांगपत्र शासन को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पोलगांव की ओर भी भव्य मंदिर निर्माण और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की मांग दोहराई।
यदि शासन इस प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो उत्तराखंड की बहुचर्चित सिल्क्यारा सुरंग भविष्य में “बाबा बौखनाग महाराज सुरंग” के नाम से जानी जाएगी।
