चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाई गई 32 वर्षीय गर्भवती महिला की रेफर किए जाने के दौरान एंबुलेंस में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर सीएचसी थराली में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने करीब छह घंटे तक सामान्य प्रसव कराने का भरोसा देकर महिला को भर्ती रखा। इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय रहते उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर नहीं किया गया।
जब महिला की तबीयत अधिक गंभीर हो गई, तब उसे कर्णप्रयाग अस्पताल के लिए रेफर किया गया। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में एंबुलेंस के भीतर महिला ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार महिला को सुबह अस्पताल लाया गया था, लेकिन कई घंटे बाद रेफर किया गया, जिसके चलते समय पर उपचार नहीं मिल पाया. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
-भास्कर पांडे, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुराड़-
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। यह उसका तीसरा प्रसव था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले को डॉ. अमित रुद्र द्वारा देखा गया था. अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ उपलब्ध न होने के कारण महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया था. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-डॉ. संजय गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी-
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
