Udayprabhat
uttrakhand

डीएम ने निर्माणाधीन भटवाड़ी तहसील भवन का किया निरीक्षण

गुणवत्ता, सुरक्षा और बेहतर पार्किंग व्यवस्था पर दिया जोर, अधिकारियों को मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश

उत्तरकाशी: जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को भटवाड़ी पहुंचकर निर्माणाधीन नए तहसील भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तहसील परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा मुख्य सड़क से बेहतर संपर्क मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जगदीश ख्याति को निर्देशित किया कि भवन निर्माण में सभी निर्धारित तकनीकी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भवन को मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ बनाया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, अधिशासी अभियंता जगदीश ख्याति सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment