Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs ENG: भारत की लगातार तीसरी हार, इंग्लैंड ने 3-0 से सीरीज पर बनाई बढ़त

IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा लगातार निराशाजनक साबित हो रहा है। ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। इसके साथ ही इंग्लैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला जीतने का इतिहास रच दिया।

भारत के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने अकेले संघर्ष करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ों का निराशाजनक प्रदर्शन टीम पर भारी पड़ा। भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 158/7 का ही स्कोर खड़ा कर सकी।

शॉर्ट गेंदों के सामने फिर बिखरे बल्लेबाज

पूरी श्रृंखला की तरह इस मैच में भी भारतीय बल्लेबाज़ इंग्लैंड के तेज गेंदबाज़ों की शॉर्ट गेंदों का प्रभावी जवाब नहीं दे सके। जॉफ्रा आर्चर और जोश टंग ने शुरुआती झटके देकर भारत को दबाव में ला दिया। वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा बड़ी पारी खेलने में असफल रहे।

ब्रूक-सॉल्ट की विस्फोटक साझेदारी

159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान हैरी ब्रूक (79*) और फिल सॉल्ट (59*) ने नाबाद 146 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की उम्मीदें खत्म कर दीं। इंग्लैंड ने लक्ष्य केवल 13.5 ओवर में हासिल कर लिया।

Leave a Comment