रुड़की: रुड़की नगर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता को लेकर पूर्व निर्दलीय नगर पालिका अध्यक्ष एवं उत्तराखंड गन्ना विकास समिति के निदेशक दिनेश कौशिक द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखे गए तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दिनेश कौशिक ने बताया कि रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मुख्यमंत्री के समक्ष सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव में मंगलौर के अब्दुल कलाम चौक से रुड़की नगर होते हुए कोर कॉलेज तक तथा रुड़की के रामपुर चुंगी से सालियर तक सड़क के चौड़ीकरण की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी।
उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने में रुड़की के तीन बार के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का भी सहयोग रहा। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावों को जनहित से जुड़ा मानते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दिनेश कौशिक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने से रुड़की, मंगलौर और सालियर मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सड़क चौड़ीकरण की योजना जल्द धरातल पर उतरेगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
