देहरादून: पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस पर एक कार्यकर्ता से मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात पटेलनगर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया के चलते ABVP कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं की सहायता कर रहे हैं। शुक्रवार शाम कुछ कार्यकर्ता सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं की कुछ बाइकों का चालान किए जाने के बाद चालान का कारण पूछने को लेकर पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई।
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने एक कार्यकर्ता के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन से पटेलनगर थाने ले जाया गया, जहां भी अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला।
हंगामे के बाद घटनाक्रम में शामिल दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया. साथ ही मामले की विभागीय जांच कराने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन समाप्त हुआ.
-प्रमोद कुमार, एसपी सिटी-
स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बातचीत की और पूरे मामले की जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
