रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आपसी टक्कर के बाद हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 21 अगस्त की देर रात कांवड़ पटरी मार्ग पर चार बाइकें गुजर रही थीं। इसी दौरान सभी मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और कई युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और सिविल लाइंस रुड़की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अयान (18), पुत्र शहजाद, निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर; राजू (24), पुत्र कदम सिंह; और राजीव (18), पुत्र मोल्हड सिंह, निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है।
हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25), पुत्र सुरेंद्र, निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
