Udayprabhat
uttrakhand

UKSSSC: उत्तराखंड में समूह-ग की 15 भर्तियों का कैलेंडर जारी, सितंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

देहरादून : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग के तहत प्रस्तावित 15 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार इन भर्तियों के विज्ञापन इसी वर्ष जारी किए जाएंगे, जबकि परीक्षाएं अगले वर्ष 21 फरवरी तक आयोजित करने का प्रस्ताव है।

आयोग सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार, पहले जारी विज्ञापनों के तहत विभिन्न पदों की परीक्षाएं सितंबर से शुरू होंगी। विज्ञापन संख्या-76 में शामिल पशुधन प्रसार अधिकारी और विज्ञापन संख्या-74 की सर्वेक्षक परीक्षा 20 सितंबर को प्रस्तावित है।

सहायक बोरिंग टेक्नीशियन और कंप्यूटर प्रोग्रामर की परीक्षा 27 सितंबर को होगी। वहीं कनिष्ठ कैमरामैन, फोटोकॉपी मशीन ऑपरेटर, प्रोजेक्शनिस्ट, शोध अधिकारी और फोटोग्राफर के पदों के लिए परीक्षा 4 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक की परीक्षा 11 अक्टूबर को, जबकि साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक की परीक्षा 18 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। लाइनमैन, मनोवैज्ञानिक और अनुदेशक पदों की परीक्षा 25 अक्टूबर को होगी। पर्यटन अधिकारी की परीक्षा 1 नवंबर को प्रस्तावित है।

इसके अलावा विज्ञापन संख्या-79 के तहत सहायक लेखाकार की परीक्षा 4 अक्टूबर, विज्ञापन संख्या-77 के कृषि अर्हता वाले पदों की परीक्षा 11 अक्टूबर तथा विज्ञापन संख्या-78 के कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक पदों की परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित की गई है।

आयोग के परीक्षा कैलेंडर से हजारों अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा तिथियों और अन्य निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।

Leave a Comment