देहरादून: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान और मंच शुद्धिकरण के मामले को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने मंगलवार, 1 सितंबर को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सचिवालय कूच के लिए निकले।
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सचिवालय से पहले सुभाष रोड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए डबल लेयर बैरिकेडिंग लगाई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक ममता राकेश, रवि बहादुर और लखपत सिंह बुटोला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के मामले में पार्टी चुप नहीं बैठने वाली है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने साफ किया कि जब तक इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है और दोषियों को दंड नहीं मिलता है, तब तक कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध और आंदोलन जारी रखेगी.
-यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता, कांग्रेस-
कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने इस मामले को लेकर 31 अगस्त को देहरादून कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी थी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शिकायत सौंपते हुए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान को ठेस पहुंचाने की घटना के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भी साजिश करार देते हुए इसका विरोध किया है।
