Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में बरसाती नाले के तेज बहाव में बही कार, दो की मौत, एक युवती को SDRF ने बचाया

विकासनगर: देहरादून में देर रात हुई भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली स्थित पौधा रोड पर कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के वक्त वाहन में तीन लोग सवार थे। घटना में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती को गंभीर हालत में रेस्क्यू कर लिया गया।

जानकारी मिलते ही SDRF की टीम डाकपत्थर से मौके के लिए रवाना हुई। तेज बारिश और उफनते बरसाती बहाव के बीच टीम ने रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर एक युवती घायल अवस्था में मिली, जिसे SDRF जवानों ने सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान कार सवार अक्षय (20), निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद किया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि बरसाती पानी का बहाव इतना तेज था कि कार घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर तक बह गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है। प्रतिकूल मौसम और तेज बहाव के बावजूद SDRF की टीम ने पूरी रात अभियान जारी रखा और आखिरकार कार सवारों को तलाश लिया।

एसडीआरएफ के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि-

भारी बारिश के कारण सड़क के रपटें में बरसाती पानी का तेज बहाव होने से कार बरसाती खाले (नाले से बड़ा) में बह गई और करीब दो किलोमीटर दूरी पर मिली. दो लोगों की मौत हुई है. एक युवती घायल है.
-सुरेश तोमर, अपर उप निरीक्षक, एसडीआरएफ-

इस हादसे में एक युवती का सुरक्षित बच जाना भी राहत की बड़ी बात रही। जिस दूरी तक वाहन पानी के तेज बहाव में बहा, वहां से घायल अवस्था में युवती का जीवित मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment