Udayprabhat
uttrakhand

राहुल और कांग्रेस का लक्ष्य सनातन को क्षति पहुंचाना: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत

देहरादून: भाजपा मुख्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया गया। सीएम धामी ने कहा कि वे सीएम नहीं, बल्कि मंत्री बनने की लाइन में थे। जब वे सीएम बने तो उन्हें पूर्व सीएम तीरथ रावत का हमेशा बड़े भाई के रूप में सहयोग मिला।

धामी ने तीरथ की तारीफ के बाद कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता को जातियों में बांटने की साजिश कांग्रेस कर रही है। सनातन के कथित पितृसत्तात्मक व्यवस्था का विरोध कर रहे लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार कड़ा प्रहार किया। कहा कि राहुल और कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य सनातन को क्षति पहुंचाने का है।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत में धामी ने कहा कि जब केरल के एक ग्रैंड मुफ्ती महिलाओं को घर में रहने, सार्वजनिक जीवन से दूर रहने की नसीहत देते हैं तब न तो राहुल प्रियंका की आवाज खुलती है और न कांग्रेस की। मुफ्ती ने निम्न मानसिकता के साथ महिलाओं पर बयान दिया, पर किसी की आवाज नहीं खुल रही। कांग्रेस का उद्देश्य केवल और केवल सनातन की आस्थाओं का अपमान करना है। अभी हाल में ऊधमसिंह नगर में एक मौलाना ने कहा कि मदरसे बंद हुए तो यहां खूनखराबा होगा। इस पर न तो राहुल की ओर से एक शब्द निकला और कांग्रेस के यहां के लोग भी चुप साध गए। दूसरी तरफ, हल्द्वानी के कथित शुद्धीकरण मामले केवल वोटों के लिए दलित अपमान का झूठा नैरेटिव बना लिया गया है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार आदि मौजूद रहे।

सीएम धामी के नेतृत्व में लगेगी जीत की हैट्रिक

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और जीत की हैट्रिक भी लगेगी।

Leave a Comment