World Cup 2027: ICC ने 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। क्रिकेट के इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा।
वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और पूरे टूर्नामेंट के दौरान 12 मैदानों पर 57 मुकाबले खेले जाएंगे। अफ्रीकी धरती पर वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन लंबे अंतराल के बाद होने जा रहा है। इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर विश्व कप की मेजबानी की थी।
भारत-पाकिस्तान मैच 10 अक्टूबर को
वर्ल्ड कप के ग्रुप ड्रॉ में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण में होने वाला मुकाबला पहले ही तय हो गया है। भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 10 अक्टूबर को जोहांसबर्ग में होगी।
दो ग्रुप में बांटी गईं टीमें
टूर्नामेंट के ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, मेजबान जिम्बाब्वे और एक क्वालिफायर टीम को जगह मिली है।
वहीं ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और दूसरे क्वालिफायर से आने वाली टीम शामिल होगी।

10 टीमें सीधे क्वालिफाई
वर्ल्ड कप के लिए 10 टीमों ने अपनी रैंकिंग और मेजबान देश होने के आधार पर सीधे जगह बनाई है। इनमें भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान के अलावा मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल हैं। बाकी दो स्थान क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के जरिए तय होंगे।
बदले हुए फॉर्मेट में होगा मुकाबला
2027 का वनडे वर्ल्ड कप पिछले संस्करणों से अलग फॉर्मेट में खेला जाएगा। प्रतियोगिता की शुरुआत ‘सुपर सीरीज’ से होगी, जिसमें 12वें, 13वें और 14वें स्थान की टीमें मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगी।
इसके बाद क्वालिफाई करने वाली टीम समेत 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप में छह-छह टीमें होंगी। ग्रुप चरण के बाद प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। इसके अलावा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक और टीम को भी अगले चरण में प्रवेश मिलेगा।
अगले चरण में सात टीमों का राउंड-रॉबिन मुकाबला होगा। इस चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।
इस तरह 2027 का वर्ल्ड कप न सिर्फ तीन देशों में खेला जाएगा, बल्कि इसका बदला हुआ फॉर्मेट भी टूर्नामेंट को पहले से अलग बनाने वाला है। भारत और पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर का मुकाबला इस प्रतियोगिता के सबसे चर्चित ग्रुप मुकाबलों में से एक रहेगा।
वर्ल्ड कप में भारत के मैच
7 अक्टूबर भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
10 अक्टूबर भारत बनाम पाकिस्तान
14 अक्टूबर भारत बनाम अफगानिस्तान
17 अक्टूबर भारत बनाम क्वालिफायर ए
24 अक्टूबर भारत बानाम जिमबाब्वे
