लक्सर: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती को मंदिर से लौटते समय कार सवार कुछ लोगों ने जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, युवती गुरुवार, 1 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह रुड़की रोड स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी। आमतौर पर पूजा के बाद वह वापस घर लौट आती थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
कार में जबरन बैठाने का आरोप
परिजनों के अनुसार, उन्होंने पहले मंदिर और आसपास के इलाकों में युवती को तलाश किया। इसी दौरान रुड़की रोड की तरफ जाते समय उन्हें एक कार दिखाई दी, जिसमें कुछ लोग युवती को कथित तौर पर जबरन बैठाकर ले जा रहे थे।
परिजनों ने बाइक से कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे वाहन को पकड़ नहीं सके। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कार का नंबर नोट कर लिया। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक कार वहां से निकल चुकी थी।
इसके बाद परिजन लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए युवती की जल्द और सकुशल बरामदगी की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों द्वारा बताए गए वाहन नंबर के साथ-साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों को युवती की तलाश में संभावित स्थानों पर भेजा गया है। इसके अलावा घटना से जुड़े रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
