Udayprabhat
uttrakhand

धर्मनगरी हरिद्वार शर्मसार: कहीं कूड़े के ढेर में मिली नवजात, तो कहीं लावारिस मिली एक साल की मासूम

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में दो मासूम बच्चियों के लावारिस हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक ओर रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर से करीब सात दिन की नवजात बच्ची बरामद हुई, वहीं दूसरी ओर नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास लगभग एक साल की बच्ची अकेली मिली। दोनों बच्चियों को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

कूड़े के ढेर से सुनाई दी रोने की आवाज

जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास से गुजर रहे लोगों को कूड़े के ढेर से एक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। इसी दौरान समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को उठाकर संभाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्ची को महिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्ची को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

 

नवजात बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं. जिस स्थान से बच्ची मिली है, वहां आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं. नगर कोतवाली के पास लावारिस अवस्था में मिली एक साल की बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की निगरानी में रखा गया है. दोनों ही मामलों की बारीकी से जांच की जा रही है.
-दीपक सिंह, एसपी सिटी-

 

पोस्ट ऑफिस के पास मिली दूसरी बच्ची

इसी बीच, नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के नजदीक करीब एक साल की दूसरी बच्ची भी लावारिस अवस्था में मिली। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने उसे अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। बच्ची के परिजनों की पहचान करने के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चियों को वहां छोड़ने वालों का पता लगाया जा सके। फिलहाल दोनों बच्चियों की सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Comment