गौचर: उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोकधुनों की गूंज अब दुबई में सुनाई देगी। प्रसिद्ध जागर गायिका हेमा नेगी करासी के नेतृत्व में उत्तराखंड के नामचीन लोक कलाकारों का दल दुबई के लिए रवाना हो गया है। दुबई में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कोतिक दुबई’ में प्रदेश के पारंपरिक जागर, लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिलेगी।
इस सांस्कृतिक दल में जागर गायिका हेमा नेगी करासी के साथ लोकगायक गजेंद्र राणा, स्वाती भट्ट, नीरज नयाल, मनोज डोरियाल और सूरज चंद शामिल हैं। दुबई रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर कलाकारों में खासा उत्साह नजर आया। कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का प्रतिनिधित्व करने को गौरव का अवसर बताया।
‘कोतिक दुबई’ के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक लोककलाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के साथ ही विदेशों में रह रहे प्रवासियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। जागर, लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के जरिए पहाड़ की आस्था, परंपराओं और जीवनशैली को दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन में बसंत तिवारी, शंकर शाह, जीवन भट्ट, नवीन जोशी, गोविंद फर्तियाल और पूरी कोतिक टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।
दुबई में होने वाला यह आयोजन महज मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पहाड़ की मिट्टी, लोकआस्था और परंपराओं से भावनात्मक जुड़ाव का अवसर भी बनेगा। उत्तराखंड से दूर रह रहे प्रवासियों के लिए अपने लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के बीच अपनी संस्कृति को करीब से महसूस करना एक यादगार अनुभव होगा।
