Udayprabhat
uttrakhandएजुकेशन

देहरादून के नामी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर,आरोपी शिक्षक ने भी रखा अपना पक्ष

देहरादून: देहरादून के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। मामले में छात्रा की ओर से पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई से जुड़े छात्र-छात्राओं ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर हंगामा किया।

मामले में स्कूल के फिजिक्स शिक्षक पर छात्रा के साथ गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया गया है। शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से गठित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने छात्रा और उसके परिजनों से संपर्क किया। अधिकारियों के मुताबिक, सामाजिक दबाव और मर्यादा के चलते परिवार शुरुआत में सामने आने से हिचकिचा रहा था। काउंसलिंग के बाद छात्रा ने पुलिस को अपनी शिकायत सौंप दी।

तहरीर के आधार पर दर्ज होगी एफआईआर

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने पीड़िता और उसके अभिभावकों से बातचीत की। इसके बाद छात्रा की ओर से तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

स्कूल प्रबंधन के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन

दूसरी ओर, मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने और आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज न किए जाने को लेकर एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।

इस मामले में आरोपों का सामना कर रहे शिक्षक ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष सामने रखा है। शिक्षक का कहना है कि उनके 25 साल के करियर में पहली बार उन पर इस तरह के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मामले में आरोपों की वास्तविकता का निर्धारण पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

छात्र संघ की ओर से अगर कोई ज्ञापन जिला प्रशासन को प्राप्त होता है, उसके बाद इस पूरे मामले की जांच करवा कर शिक्षा विभाग के जरिए कार्रवाई की जाएगी. इस तरह की घटना बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि बच्चों का अपना परिवार होता है और दूसरा परिवार विद्यालय होता है. ऐसे में स्कूल की जिम्मेदारी है कि शिक्षा के साथ सुरक्षा भी दें. ऐसे में कोई भी अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता है और उनको बचना भी नहीं चाहिए.
– राकेश तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट, देहरादून –

स्कूल के टीचर पर लगे बैड टच के आरोप के बाद शिक्षक ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि,

कल से ही मैं सोशल मीडिया पर तमाम तरह के वीडियो देख रहा हूं. ऐसे में मेरा परिवार इस बात को कह रहा है कि मुझे अपना पक्ष रखना चाहिए. अध्यापक के रूप में 25 साल के करियर में पहली बार इस तरह के आरोप लगे हैं. जबकि मैं सभी बच्चों के साथ अपने बेटे और बेटियों की तरह व्यवहार रखता हूं. लेकिन अगर किसी बच्चे को लगता है कि मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं उसके लिए क्षमा मांगता हूं.

Leave a Comment