Udayprabhat
accidentदेश

भारत-नेपाल मैत्री बस हादसा, उत्तराखंड में पलटी बस, एक माह की बच्ची समेत कई घायल

रुद्रपुर: उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से नेपाल जा रही भारत-नेपाल मैत्री सेवा की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में एक माह की मासूम बच्ची समेत कई यात्री घायल हो गए।

घटना सुबह करीब 2 बजे गदरपुर के गोपाल नगर तिराहे के पास हुई। बस में चालक दल सहित कुल 65 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश यात्री नेपाल के डांग जिले के बताए जा रहे हैं।

बच्ची समेत 9 लोग घायल: गदरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि-

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 सेवा और एंबुलेंस 108 तत्काल मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग किया. बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. इस दुर्घटना में एक माह की मासूम बच्ची नव्या सहित कुल नौ लोग घायल बताए गए, जिनमें से छह को गंभीर चोटें आई हैं.
-संजय पाठक, कोतवाली प्रभारी, गदरपुर-

बारिश के बीच चालक को आई झपकी, बस पलटी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान चालक को झपकी आ जाने से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दो गंभीर घायल रुद्रपुर रेफर

घायलों में जया भूटा (40) निवासी काठमांडू और धनश्री नेपाल (36) की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रुद्रपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

हाईवे पर यातायात सुचारू

बस संचालक को सूचना दे दी गई है और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है।

Leave a Comment