देहरादून: देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार रात वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी, तभी हरियाणा नंबर की एक कार को रोकने का प्रयास किया गया।
कार चालक ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस घटना में एक सिपाही समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
