Udayprabhat
accidentuttrakhandदेहरादून

कार और ई-रिक्शा की भयानक टक्कर, एक की मौत, तीन घायल- आरोपी चालक फरार.. पुलिस जांच में जुटी

पटेलनगर क्षेत्र में भीषण हादसा, कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी.

देहरादून: राजधानी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के मेंहूवाला का है, जहां रविवार देर रात एक कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजू नामक एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज चल रहा है।

मृतक और घायलों की पहचान मेंहूवाला निवासी कमल (ई-रिक्शा चालक), कालू, दिलशाद और राजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग ई-रिक्शा में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक राजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।

सोमवार को मृतक और घायलों के परिजनों ने आईएसबीटी चौकी पहुंचकर आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Comment