313 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 265 पर सिमटी भारतीय टीम, अभिषेक शर्मा और शाहबाज अहमद की पारियां भी नहीं आईं काम
Asia Cup Rising Stars 2026: दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत A को पाकिस्तान A के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ग्रुप B के मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 48 रनों से शिकस्त दी। भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी। 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत A की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान A ने खड़ा किया 313 रनों का बड़ा स्कोर
मुकाबले में टॉस जीतकर पाकिस्तान A ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के बल्लेबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। माज सदाकत ने 59 रन बनाए, जबकि हसन नवाज ने 79 रनों की अहम पारी खेली। वहीं फरहान यूसुफ ने 56 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पाकिस्तान A ने 49.2 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर 313 रन बनाए। भारत की ओर से प्रिंस यादव, हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
तिलक वर्मा और अभिषेक ने संभाली भारतीय पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत A की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। हालांकि, ओपनर अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 42 गेंदों में 70 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चार चौके और छह छक्के शामिल रहे।

इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 149 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन बनाए, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था। तिलक को शाहबाज अहमद का भी अच्छा साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी कर भारतीय टीम की जीत की उम्मीदें जगा दीं।

हालांकि, शाहबाज अहमद के आउट होते ही भारतीय पारी फिर लड़खड़ा गई। शाहबाज ने 56 रनों का योगदान दिया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
वैभव सूर्यवंशी समेत कई बल्लेबाज रहे फ्लॉप
भारत A की हार की बड़ी वजह मध्यक्रम का खराब प्रदर्शन भी रहा। वैभव सूर्यवंशी केवल 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आयुष बडोनी खाता भी नहीं खोल सके, जबकि कुमार कुशाग्र ने दो और रिंकू सिंह ने छह रन बनाए। सूर्यांश शेडगे भी छह रन ही बना सके।
पाकिस्तान A की गेंदबाजी में अली रजा ने तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को झटका दिया। हसन नवाज ने भी तीन विकेट अपने नाम किए, जबकि मोहम्मद इमरान को दो सफलताएं मिलीं। इस तरह भारत A की टीम 265 रनों पर सिमट गई और पाकिस्तान ने मुकाबला 48 रन से जीत लिया।
अब UAE से भिड़ेगी टीम इंडिया
इस जीत के साथ पाकिस्तान A ने ग्रुप B में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारत A ने टूर्नामेंट का आगाज नेपाल के खिलाफ जीत से किया था, जबकि पाकिस्तान A ने UAE को हराकर अभियान शुरू किया था।
