Uttarakhand Uniform Civil Code Bill : उत्तराखंड विधानसभा सत्र के तीसरे दिन बुधवार को भी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल पर चर्चा हुई. इस दौरान यूसीसी विधेयक के विरोध में कांग्रेस नेता आक्रामक दिखे. भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर तकरार हुई. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यूसीसी को देश के अन्य राज्यों में भी आगे बढ़ाया जाएगा. सीएम धामी ने कहा कि UCC से किसी भी धर्म से भेदभाव नहीं किया जाएगा. प्रदेश में हर वर्ग के लोगों को समान अधिकार दिया जाएगा.
तीसरे दिन भी यूसीसी पर चर्चा
दरसअल, तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को शुरू हुई. इस दौरान यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल पर चर्चा शुरू हुई. भाजपा और कांग्रेस विधायकों के बीच चर्चा के दौरान जमकर तकरार हुई. पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने UCC विधेयक पर चर्चा करते हुए लिव-इन रिलेशन पर सवाल उठाए.
कांग्रेस नेताओं ने उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि अगर सरकार महिलाओं की हालत सुधारने के लिए सच में कदम उठाना चाहती है तो अंकिता भंडारी के माता-पिता की सीबीआई जांच की मांग को पूरा किया जाए. कांग्रेस के वार पर भाजपा विधायकों ने जमकर पलटवार किया. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 3 बजे तक स्थगित कर दिया है.
कांग्रेस विधायकों से हुई तकरार
विधानसभा सत्र एक बार फिर 3 बजे शुरू हुआ तो यूसीसी विधेयक पर विधायक अपनी बात रखनी शुरू की. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने यूसीसी विधेयक पर बोलते हुए कहा कि यूसीसी समाज में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा. समाज के हर वर्ग के लिए एक समान कानून की वजह से सभी का विकास होगा.
हर वर्ग के लोगों को समान अधिकार मिलेगा
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने यूसीसी पर बोलते हुए कि इस विधेयक से महिलाएं समेत समाज के हर वर्ग के लोगों को समान अधिकार मिलेगा. उनका कहना था कि यूसीसी काननू बनने के बाद अगर जरूरत महसूस होगी तो संशोधन का भी रास्ता भी खुला हुआ है.
देवभूमि इतिहास गढ़ने जा रहा
इसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बोलना शुरू किया. सीएम ने कहा कि देवभूमि इतिहास गढ़ने जा रहा है. यह विधेयक सामान्य विधेयक नहीं है. इस विधेयक में सभी को समान अधिकार मिलेगा. इसमें किसी के साथ भी भेदभाव नहीं किया जाएगा. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस विधेयक में अनुसूचित जनजातियों को इस विधेयक से बाहर रखा गया है.
तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी
सीएम धामी ने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है. पीएम मोदी ने कश्मीर को अभिन्न अंग बनाया. पीएम मोदी के नेतृत्व में राम आए.
