शेयर मार्केट में करोड़ों लगाने वाला व्यापारी रहस्यमयी तरीके से गायब, अपहरण या ठगी?
कार और मोबाइल मिले, कारोबारी गायब – करोड़ों रुपये के लेन-देन ने बढ़ाई पुलिस की टेंशन
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शेयर मार्केट में निवेश करवाने वाले देहरादून के बड़े कारोबारी सुनील ब्यास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। खास बात यह है कि कारोबारी पर लोगों से निवेश के नाम पर करीब 20 से 22 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। पुलिस को उसकी कार और मोबाइल हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में लावारिस हालत में मिले हैं, लेकिन कारोबारी का अब तक कुछ पता नहीं चला है।
मामला उस समय गंभीर हो गया जब कारोबारी की पत्नी ने नेहरू कॉलोनी थाने में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पत्नी ने पुलिस को बताया कि सुनील बिना बताए अचानक घर से निकल गया था। पहले उसका फोन मिल रहा था, लेकिन थोड़ी देर बाद मोबाइल बंद हो गया। आशंका जताई जा रही है कि सुनील न सिर्फ निवेशकों का पैसा लेकर फरार हुआ है बल्कि उसके साथ किसी वारदात की भी आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस जांच में खुलासा – करोड़ों की ठगी का शक
पुलिस ने जब सुनील के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि उसने कई लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लिए थे। इस खुलासे के बाद मामला ठगी की तरफ भी जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने उसकी आखिरी लोकेशन पांवटा साहिब में ट्रेस की, जिसके बाद एक टीम मौके पर भेजी गई। सीसीटीवी फुटेज में सुनील को पांवटा साहिब में घूमते हुए जरूर देखा गया, लेकिन उसके बाद वह कहां गया, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
पत्नी ने जताई अपहरण की आशंका
सुनील की पत्नी ने पुलिस से शिकायत में कहा कि उनके पति के साथ कुछ अनहोनी हो सकती है। उन्होंने अपहरण की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेन-देन और ठगी से जुड़ा लग रहा है। पुलिस का मानना है कि कारोबारी खुद करोड़ों लेकर गायब हो सकता है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। कारोबारी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। निवेशकों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि रकम के सही आंकड़े सामने आ सकें। फिलहाल कारोबारी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
निवेशकों में मचा हड़कंप
सुनील के लापता होने के बाद देहरादून और आसपास के इलाकों में उन निवेशकों में हड़कंप मच गया है, जिन्होंने करोड़ों रुपये उनके पास लगाए थे। कई लोग थाने पहुंचकर अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगा रहे हैं।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सुनील ब्यास का अपहरण हुआ है या वह खुद करोड़ों रुपये लेकर फरार हुआ है। पुलिस का कहना है कि अगले एक-दो दिन में तस्वीर साफ हो सकती है। फिलहाल यह मामला देहरादून का सबसे बड़ा ठगी कांड बनकर सामने आ रहा है।
