चौथा टी-20 मुकाबला
गेंदबाजों के दम पर भारत ने बनाई 2-1 की बढ़त
करारा (ऑस्ट्रेलिया) (वार्ता)। वॉशिंगटन सुंदर (तीन रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चौथे टी-20 मुकाबले में गुरुवार को 48 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। भारत ने शुभमन गिल (46), अभिषेक शर्मा (28), शिवम हुये (22), कप्तान सूर्यकुमार यादव (20) और अक्षर पटेल (नाबाद 21) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 20 ओवरों में आठ विकेट पर 167 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया। ऑस्ट्रेलियाई टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.2 ओवर में मात्र 119 रन पर ढेर हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 37 जोड़े। कप्तान मिचेल मार्श ने 30 और मैच्यू शॉर्ट ने 25 रन बनाये।
ऑस्ट्रेलिया एक समय दो विकेट पर 70 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के सामने उसने अपने अंतिम आठ विकेट 49 रन जोड़कर गंवा दिये। सुंदर ने तीन विकेट निकाले जबकि अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिये। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला। अक्षर पटेल को नाबाद 21 रन बनाने और दो विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत इस बढ़त के बाद अब सीरीज नहीं गंवा सकता और उसकी कोशिश अंतिम मैच जीतकर सीरीज कब्जाने की रहेगी। जबकि ऑस्ट्रेलिया आखिरी मैच में सीरीज बराबर करने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। इससे पहले आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। सातवें ओवर में एडम जम्मा ने अभिषेक शर्मा को आउटकर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई।

अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 28 रनों की पारी खेली। भारत का दूसरा विकेट 12वें ओवर में शिवम दुबे के रूप में गिरा। उन्हें नेथन एलिस ने बोल्ड आउट किया। दुबे ने 18 ओवर में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए 22 रन बनाये। इसके बाद एलिस ने 15वें ओवर में शुभमन गिल को बोल्डकर भारत के स्कोर पर अंकुश लगाने का काम किया।
शुभमन गिल ने 39 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 46 रन बनाये। अगले ही ओवर में जेवियर बार्टलेट ने सूर्यकुमार यादव को अपना शिकार बना लिया। सूर्यकुमार यादव ने 10 गेंदों में दो छक्के लगाते हुए 20 रन बनाये। तिलक वर्मा (पांच) जितेश शर्मा (तीन), वॉशिंगटन सुंदर (12) और अर्शदीप सिंह (शून्य) पर आउट हुये। भारत ने निधर्धारित 20 ओवरो में आठ विकेट पर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया। जो अंततः मैच विजयी साबित हुआ। अक्षर पटेल 11 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए नेथन एलिस और एडम जम्पा ने तीन-तीन विकेट लिये। जेवियर बार्टलेट और मार्कस स्टॉयनिस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
चतुराई भरी बल्लेबाजी, हालात के अनुकूल ढलना जीत की कुंजी सूर्यकुमार

कैरारा (भाषा)। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आस्ट्रेलिया पर चौथे टी20 मैच में 48 रन से मिली जीत के लिये बल्ले और गेंद से अपने खिलाड़ियों के चतुराई भरे खेल को श्रेय दिया। सूर्यकुमार ने जीत के बाद कहा, मुझे लगता है कि बल्लेबाजी को इसका श्रेय जाना चाहिये। शुभमन और अभिषेक ने जिस तरह से शुरूआत की, उन्हें पता था कि यह 200 या 220 रन वाला विकेट नहीं है। उन्होंने चतुराई से खेला। बल्लेबाजों की तरफ से यह पूरा टीम प्रयास था।’ उन्होंने कहा, मैं और गौती भाई (कोच गौतम गंभीर) इस बारे में स्पष्ट हैं कि गेंदबाजों को आक्रामक प्रदर्शन करना होगा। मैदान पर ओस अधिक नहीं थी लेकिन गेंदबाजों ने खुद को जल्दी डाल लिया। हरफनमौला शिवम दुबे ने दो और वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिये। सूर्यकुमार ने कहा, दो तीन ओवर डालने वाले गेंदबाज टीम में होना हमेशा अच्छा रहता है। यह संयोजन हमे रास आता है।’ आस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने कहा, 167 का स्कोर बुरा नहीं था। हम फिनिश लाइन तक नहीं जा सके। भारतीय टीम को इसका पूरा श्रेय जाता है जो विश्व स्तरीय टीम है।
