Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs WI 1st Test: टेस्ट में टीम इंडिया की आसान जीत, वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हराया

वेस्टइंडीज की टीम अपनी दूसरी पारी में 146 रनों पर ऑलआउट हो गई. इस पारी में भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए.

टीम इंडिया ने अहमदाबाद टेस्ट मैच जीत लिया है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हरा दिया. इसके साथ ही इंडियन टीम ने दो मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है. वेस्टइंडीज की टीम अपनी दूसरी पारी में 146 रनों पर ऑलआउट हो गई. इस पारी में भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए. दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की टीम महज 45.1 ओवर में ही ऑलआउट हो गई.

IND vs WI: वेस्टइंडीज की पारी और 140 रनों से हार

लंच ब्रेक के समय वेस्टइंडीज का स्कोर 66 पर 5 विकेट था, लेकिन टी टाइम से पहले हि मेजबान टीम ने मेहमान टीम को 146 रनों पर ही समेट दिया. वेस्टइंडीज की ओर से केवल तीन बल्लेबाज दूसरी पारी में 20 से ज्यादा स्कोर कर सके. अथांजे ने 38, ग्रेविस ने 25 और सील्स ने 22 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका. भारत की तरफ से जडेजा ने 4 और सिराज ने 3 विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप को दो और सुंदर एक विकेट लेने में सफल रहे. सीरीज का दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टडियम में खेला जाएगा.

मैच में क्या हुआ?

मैच के पहले दिन वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया. लेकिन उनका यह फैसला इंडियन बॉलर्स ने गलत साबित कर दिया. पूरी टीम 44.1 ओवर में 162 रनों पर ऑलआउट हो गई. सिराज ने 11 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया. तेजनरायण चंद्रपॉल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. जबकि दूसरे ओपनर जॉन केम्पबेल 8 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हुए. एलिक एथनाज और ब्रैंडन किंग भी कुछ खास नहीं कर सके. एलिक एथनाज 12 और ब्रैंडन किंग 13 रन बनाकर आउट हो गए थे.

कप्तान रोस्टन चेज 24 रन बनाकर सिराज की गेंद पर आउट हो गए. शाई होप ने 26 और जस्टिन ग्रीव्स ने 32 रनों की पारी खेल टीम के स्कोर को 150 के आसपास पहुंचाया. लेकिन इनके अलावा कोई और बैटर टिक नहीं सका था. भारत के लिए सिराज ने चार, बुमराह ने तीन और कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए. जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला.

वहीं, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के 125, रविंद्र जडेजा की नाबाद 104 और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल की 100 की पारी की बदौलत भारत ने दूसरे दिन पांच विकेट पर 448 रन बना लिए थे. तीसरे दिन की शुरुआत होते ही टीम इंडिया ने पारी घोषित कर दी. ऐसे में वेस्टइंडीज को पारी की हार टालने के लिए 286 रन बनाने थे. राहुल ने घरेलू सरजमीं पर नौ साल के सूखे को खत्म करते हुए अपना दूसरा और करियर का 11वां टेस्ट शतक जड़ा. घरेलू सरजमीं पर राहुल ने इससे पहले 2016 में अपना पहला शतक जड़ा था.

Leave a Comment