Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs SA: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

117 रन सिमटी दक्षिण अफ्रीका की पारी
15.5 ओवर में भारत ने 120 रन बनाकर जीता मैच

धर्मशाला: भारत ने तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में रविवार रात दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराकर दर्शकों को एकतरफा मुकावले का गवाह बनाया। लक्ष्य छोटा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों की सटीकता और फिर बल्लेबाजों की आक्रामकता ने मुकाबले को जल्द ही भारत के पक्ष में झुका दिया। इन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में ही 120 रन बनाकर मैच समाप्त कर दिया और 25 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है। सीरीज का चौथा मैच लखनऊ में 17 दिसंबर को खेला जाएगा।

भारतीय पारी की शुरुआत तेज रही। अभिषेक शर्मा ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और केवल 18 गेंदों में 35 रन बनाकर रनचेज की दिशा तय कर दी। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे, जिससे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज दबाव में आ गए। दूसरे छोर पर शुभमन गिल ने जिम्मेदारी निभाते हुए 28 गेंदों पर 28 रन बनाए और पारी को स्थिरता दी। पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी ने भारत की जीत की नींव रखी। मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने संयम दिखाया। उन्होंने 34 गेंदों में 26 रन की नाबाद पारी खेलते हुए लक्ष्य तक टीम को सुरक्षित पहुंचाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 12 गेंदों में 12 रन बनाकर अहम योगदान दिया, जबकि अंत में शिवम दुबे ने सिर्फ चार गेंदों में 10 रन बनाकर मैच को जल्दी खत्म कर दिया। भारतीय बल्लेबाजी में आक्रामकता और समझदारी का अच्छा संतुलन देखने को मिला।

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

इससे पहले वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने दक्षिण अफ्रीका की पारी को 20 ओवर में 117 रन पर समेट दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए सिर्फ कप्तान एडेन मारक्रम (46 गेंद में 61 रन) ही भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना कर सके। उनके अलावा डोनोवन फरेरा (20) और एनरिक नोकिया (12) ने ही दहाई के आंकड़े में रन बनाये। अर्शदीप ने चार ओवर में 13 रन देकर दो, जबकि चक्रवर्ती ने इतने ही ओवर में 11 रन देकर दो सफलता हासिल की। राणा ने 34 रन पर दो, जबकि कुलदीप ने दो ओवर में 12 रन पर दो विकेट लिये। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने भी एक-एक सफलता हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी रही फ्लाप

अर्शदीप ने पहले ओवर में रीजा हेड्रिक्स (शून्य) तो वहीं राणा ने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक (एक) को पगबाधा कर एक रन पर दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती दो झटके दिये। टीम अभी इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि राणा की गेंद को डेवाल्ड ब्रेविस (दो) विकेटों पर खेल गये। कप्तान एडेन मारक्रम ने दूसरे छोर से राणा के खिलाफ दो चौके लगाये, जिससे टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट पर 30 रन बनाये। पंड्या ने अपने शुरुआती ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स (नौ) को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किये। वह इसके साथ ही खेल के सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में 1000 रन और 100 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गये। दुबे ने 11वें ओवर में अपनी पहली ही गेंद पर कोर्बिन बोश को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 12वें ओवर में रनों का अर्धशतक पूरा किया, जिसके बाद डोनोवन फरेरा ने कुलदीप के खिलाफ पारी का पहला छक्का जड़ा।

फरेरा ने अभिषेक की गेंद पर अर्शदीप के कैच टपकाने से मिले जीवनदान का जश्न चौके के साथ मनाया। वह खतरनाक होते, इससे पहले ही चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी से उन्हें चकमा देकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 50 विकेट पूरे किये और फिर शानदार लय में चल रहे मार्को यानसन (दो) को बोल्ड किया।

इस बीच मारक्रम ने दुबे के खिलाफ चौका लगाने के बाद राणा के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर एक छोर से संघर्ष जारी रखते हुए 41 गेंद में अपना अर्धशतक और टीम के रनों का शतक पूरा किया। एनरिक नॉर्किया ने भी इस ओवर में छक्का जड़ा, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 19 रन बटोरे। अर्शदीप ने अगले ओवर में मारक्रम की शानदार पारी पर विराम लगाकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई तो वहीं कुलदीप ने आखिरी ओवर में दो विकेट झटक दक्षिण अफ्रीका की पारी समेट दी।

Leave a Comment