NEP 2020 के तहत क्षेत्रीय भाषाओं में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम.
नई दिल्ली / देहरादून : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने अब हिंदी और उड़िया भाषा में भी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इग्नू के देहरादून क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि यह पहल उन छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जो अपनी मातृभाषा में व्यवसायिक शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य भाषा संबंधी बाधाओं को खत्म कर अधिक से अधिक छात्रों को उनकी पसंदीदा भाषा में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है।”
डॉ. डिमरी ने जानकारी दी कि हिंदी और उड़िया में शुरू किए जा रहे MBA पाठ्यक्रम में वही पाठ्यसामग्री, मूल्यांकन प्रणाली और शैक्षणिक गुणवत्ता लागू होगी, जो अंग्रेज़ी माध्यम में उपलब्ध है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी छात्रों को समान गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त हो, चाहे वे किसी भी भाषा में पढ़ाई करें।
