महाराष्ट्र में भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच अभिनेत्री काजोल का बयान बना चर्चा का विषय, सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर घेरा।
हैदराबाद: महाराष्ट्र में बीते कुछ समय से भाषा को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। खासकर मराठी बनाम हिंदी की बहस ने एक नया मोड़ ले लिया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के कार्यकर्ताओं द्वारा दुकानदारों को हिंदी बोलने पर पीटे जाने की घटनाओं के वीडियो वायरल हो चुके हैं। इस मुद्दे पर एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे को पहले ही आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, और अब इस बहस में अभिनेत्री काजोल के एक बयान ने नई चिंगारी भड़का दी है।
महाराष्ट्र फिल्म अवॉर्ड्स में दिया विवादास्पद बयान
5 अगस्त को अपने जन्मदिन के दिन अभिनेत्री काजोल महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवार्ड्स में शामिल हुईं। इस दौरान वह मंच पर फर्राटेदार मराठी में बोलती नजर आईं। लेकिन जब एक रिपोर्टर ने उनसे हिंदी में कुछ कहने की गुज़ारिश की, तो काजोल ने भड़कते हुए जवाब दिया – “अब मैं हिंदी में बोलूं, जिसे समझना है वो समझेगा।”
उनकी इस प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। लोगों ने उनकी कड़ी आलोचना शुरू कर दी, और उनके हिंदी सिनेमा में योगदान और पहचान को लेकर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स

कई यूजर्स ने काजोल को उनके इस व्यवहार के लिए आड़े हाथों लिया। एक यूजर ने लिखा –
“हिंदी भाषा ने ही तुम्हें स्टार बनाया है, और आज उसी पर घमंड?”
दूसरे ने तंज कसा –
“जब करियर बनाना था, तब हिंदी में नाची-गाई, अब सवाल आया तो बोलीं – अभी मैं हिंदी में बोलूं?”
एक और यूजर ने कहा –
“हिंदी फिल्मों में काम कर के नाम कमाया, रोज़गार मिला, और आज एक लाइन हिंदी में बोलने से शर्म?”
कुछ लोगों ने यह तक कह दिया कि काजोल को अब केवल मराठी फिल्मों में ही काम करना चाहिए अगर उन्हें हिंदी से इतनी दिक्कत है।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रही हैं काजोल?
काजोल हाल ही में ओटीटी पर रिलीज़ हुई फिल्म ‘सरजमीं’ में नजर आई थीं, जिसमें पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान भी मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके अलावा वह फिल्म ‘मां’ में भी काम कर चुकी हैं। फिलहाल उनके किसी नए प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
