Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड में यात्रियों की बढ़ी परेशानियां, फ्लाइट रद्द, कई ट्रेनें भी कैंसिल और शॉर्ट-टर्मिनेट

देहरादून: उत्तराखंड में खराब मौसम और तकनीकी कारणों के चलते हवाई यात्रा के साथ-साथ रेल सेवाओं पर भी असर देखने को मिल रहा है। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर दोपहर 1 बजे तक चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि रेलवे ने भी बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेट किया है। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश रूट पर चलने वाली लगभग 24 ट्रेनें अगले पाँच दिनों तक प्रभावित रहेंगी। इनमें से कई ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ को हरिद्वार, लक्सर या रुड़की में ही रोककर वहीं से आगे भेजा जाएगा।

दरअसल, गढ़वाल मार्ग पर स्थित कई रेलवे पुलों की मरम्मत का कार्य आज से शुरू हो गया है। रेलवे ने पहले ही इस संबंध में एक अपील जारी करते हुए बताया था कि मरम्मत के चलते कुछ दिनों तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहेगा।

देहरादून रेलवे के अनुसार प्रभावित 24 ट्रेनों के लगभग 58 फेरों पर असर पड़ेगा। देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस (14631/14632) अगले तीन दिन तक रद्द रहेगी। वहीं सहारनपुर पैसेंजर भी 10 दिसंबर तक पूरी तरह बंद रहेगी।

जो यात्री देहरादून में फ्लाइट कैंसिल होने के बाद हरिद्वार, ऋषिकेश या देहरादून स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की सोच रहे हैं, उन्हें भी इन बदलावों के कारण दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।

ये ट्रेनें देर से चलेंगी:

देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस 7 दिसंबर तक लगभग एक घंटा देरी से चलेगी।

दिल्ली से आने वाली तीन अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

लिंक एक्सप्रेस 8 दिसंबर को देहरादून से दो घंटे देरी से रवाना होगी।

राप्ती गंगा एक्सप्रेस भी 8 दिसंबर को मुजफ्फरनगर से लगभग तीन घंटे देरी से चलेगी।

ये ट्रेनें देहरादून तक नहीं आएँगी:

हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस रविवार और सोमवार को सिर्फ हरिद्वार तक ही चलेगी।

लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस भी अगले कुछ दिनों तक हरिद्वार से आगे नहीं जाएगी।

दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस अस्थायी रूप से हरिद्वार तक ही सीमित रहेगी।

मसूरी एक्सप्रेस 9 दिसंबर को हरिद्वार तक ही पहुंचेगी।

कोटा-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस 9 और 10 दिसंबर को हरिद्वार से आगे नहीं आएगी।

 

Leave a Comment