मुंबई: आर्यन खान निर्देशित फिल्म ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का तीसरा गाना ‘तेनु की पता’ रिलीज हो गया है। इस गाने के साथ आर्यन ने सिंगिंग में भी डेब्यू किया है। पहले शाहरुख खान के बेटे के निर्देशन और राइटिंग सेक्टर में कदम रखने के बाद अब उन्होंने सिंगिंग की दुनिया में भी अपनी शुरुआत कर दी है।
दिल को छू लेने वाले ‘तू पहली तू आखिरी’ और ‘बदली सी हवा है’ के बाद, इस एल्बम का तीसरा ट्रैक नई ऊर्जा और जोश से भरपूर है। इस गाने में मशहूर रैपर बादशाह और मनोज पाहवा भी दिखाई देते हैं। पंजाबी लय और आधुनिक प्रोडक्शन का मेल इसे बोल्ड और अप्रत्याशित बनाता है।

गाने के कुछ हिस्सों में आर्यन खान की आवाज़ भी सुनाई देती है, जबकि दिलजीत दोसांझ और उज्ज्वल गुप्ता ने भी अपनी आवाज़ दी है। उज्ज्वल गुप्ता ने इस गाने को कंपोज, अरेंज और प्रोड्यूस किया है। गाने में बोल्ड बीट्स, लय और बेबाकता का मिश्रण इसे थिरकने पर मजबूर करता है।
टी-सीरीज के तहत रिलीज हुए इस गाने को मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “इरादा क्लियर है, वाइब क्लियर है। तेनु की पता आउट। 18 सितंबर को देखें ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।”
फिल्म में बॉबी देओल, लक्ष्य, सहर बंबा, राघव जुयाल, मनोज पाहवा, मोना सिंह, मनीष चौधरी, अन्या सिंह, विजयंत कोहली, गौतमी कपूर और रजत बेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं। यह शो रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के निर्माण में बन रही है और 18 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
इस एल्बम का हर गाना कहानी और संगीत का नया अनुभव देता है। तीसरा गाना ‘तेनु की पता’ न केवल दर्शकों को थिरकने पर मजबूर करेगा, बल्कि आर्यन खान के बहुमुखी टैलेंट को भी सामने लाता है।
