Udayprabhat
Entertainmentदुनियादेश

‘मर्दानी 3’ का नया पोस्टर जारी, रानी मुखर्जी का मर्दानी अंदाज देख फैंस हुए खुश

मुंबई:  बॉलीवुड की कड़क पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय एक बार फिर बड़े पर्दे पर कमाल दिखाने वाली हैं। जी हां, रानी मुखर्जी ‘मर्दानी 3’ के साथ वापसी कर रही हैं और इस बार उनकी टक्कर होगी अब तक के सबसे खतरनाक केस से। यशराज फिल्म्स ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया है।

पोस्टर की बात करें तो रानी का जबरदस्त क्लोज़-अप दिखाया गया है। ब्लैक रंग की गन हाथ में, चेहरे पर गुस्से और जज्बे का जबरदस्त कॉम्बिनेशन, और बैकग्राउंड में धुंधला-सा पीले रंग का पुलिस बैरिकेड जिस पर लिखा है ‘दिल्ली पुलिस’। यह सब देखकर साफ हो जाता है कि शिवानी शिवाजी रॉय इस बार भी किसी को नहीं छोड़ने वालीं।

पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, “नवरात्रि के पहले दिन, अच्छाई की जीत का जश्न। रानी मुखर्जी करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण केस के साथ लौट रही हैं।” बस फिर क्या था, फैंस ने सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ रिएक्शन देना शुरू कर दिया। किसी ने लिखा “ये पोस्टर आग है”, तो किसी ने कहा “हमारी लेडी सिंघम वापस आ गई।”

‘मर्दानी 3’ का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है। दिलचस्प बात यह है कि यह फ्रैंचाइज़ी हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी महिला-प्रधान एक्शन सीरीज़ मानी जाती है। 2014 में प्रदीप सरकार के निर्देशन में आई पहली ‘मर्दानी’ ने मानव तस्करी जैसे मुद्दे को बेबाकी से उठाया था। फिर 2019 में आई ‘मर्दानी 2’ ने एक साइकोपैथ रेपिस्ट और मर्डरर के खिलाफ शिवानी की लड़ाई दिखाई थी। अब तीसरे पार्ट को लेकर कहा जा रहा है कि यह पहले से भी ज्यादा डार्क, जानलेवा और क्रूर होगा।

रानी मुखर्जी खुद भी कह चुकी हैं कि शिवानी का यह नया सफर उनके करियर का सबसे मुश्किल और सबसे दमदार रोल होगा। वहीं, यशराज फिल्म्स इस बार फिल्म को और भी भव्य तरीके से रिलीज करने की तैयारी में है।

फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यानी तैयार रहिए, क्योंकि नवरात्रि पर आया पोस्टर तो बस ट्रेलर है—असली फिल्म में अच्छाई और बुराई की जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी। और हां, इस बार भी विलेन कितना ही शातिर क्यों न हो, शिवानी शिवाजी रॉय के सामने कोई टिकने वाला नहीं!

Leave a Comment