Udayprabhat
uttrakhandखेलदेश

वर्ल्ड कप चैंपियन स्नेह राणा को सीएम धामी ने फोन पर दी बधाई, ₹50 लाख प्रोत्साहन राशि का किया ऐलान

देहरादून: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप चैंपियन ऑलराउंडर स्नेह राणा को उत्तराखंड सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर स्नेह राणा से बात कर उन्हें भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और राज्य सरकार की ओर से 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्नेह राणा ने अपनी मेहनत, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर न केवल भारतीय क्रिकेट टीम को गौरवान्वित किया है, बल्कि उत्तराखंड का नाम विश्व मंच पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्नेह जैसी बेटियां प्रदेश की लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को सर्वोत्तम सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “उत्तराखंड की बेटियों ने हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है, और स्नेह राणा का प्रदर्शन इस बात का जीता-जागता उदाहरण है।”

स्नेह राणा ने मुख्यमंत्री से हुई बातचीत में इस सम्मान और 50 लाख रुपये की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि वे आगे भी अपने खेल के जरिए देश और उत्तराखंड दोनों का परचम ऊंचा लहराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

स्नेह राणा उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की रहने वाली हैं और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख ऑलराउंडर हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment