रामनगर: नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रामनगर कोतवाली पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने दो महिला तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस लंबे समय से क्षेत्र में नशे के कारोबार पर नजर बनाए हुए थी। इसी क्रम में गर्जिया पुलिस चौकी इंचार्ज गगनदीप सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहान रोड से होकर दो महिलाएं अवैध नशीला पदार्थ लेकर जा रही हैं। इस पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मोहान रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दोनों महिलाओं को रोका गया और तलाशी में 16 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाएं काशीपुर निवासी हैं और लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय थीं। वे रामनगर और आसपास के इलाकों में गांजा सप्लाई करने की फिराक में थीं। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से नशे के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सशक्त करने के निर्देश दिए हैं। ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान को गति देते हुए पुलिस लगातार तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में युवाओं के बीच नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने विशेष रणनीति तैयार की है। इसी कड़ी में रामनगर पुलिस की यह कार्रवाई सरकार के संकल्प को मजबूती देने वाली मानी जा रही है।
