देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर संगठन में कुल 42 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। पार्टी का मानना है कि यह नई टीम संगठन को मजबूत करेगी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

नई नियुक्तियों में दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में आठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें देहरादून के अनिल गोयल, नैनीताल के राजेंद्र सिंह बिष्ट, उधम सिंह नगर के श्रीपाल राणा, रुद्रप्रयाग की विधायक आशा नौटियाल, हरिद्वार ग्रामीण से पूर्व विधायक यतीश्वरानंद, कोटद्वार के शैलेंद्र सिंह बिष्ट, रुड़की के राकेश गिरी और उत्तरकाशी के स्वराज विद्वान शामिल हैं।

इसके अलावा आठ नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है, जिनमें चमोली के सतीश लखेड़ा, टिहरी के नलिन भट्ट, पिथौरागढ़ की दीपिका बोहरा, काशीपुर की गुंजन सुखीजा, अल्मोड़ा के गौरव पांडे समेत अन्य नाम शामिल हैं। वहीं, देहरादून के पुनीत मित्तल को प्रदेश कोषाध्यक्ष और नैनीताल के साकेत अग्रवाल को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

तीसरी बार मनवीर सिंह चौहान को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया है। रुचि भट्ट को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह आईटी, सोशल मीडिया और विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए भी संयोजक और सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा की यह नई टीम संगठन को धार देने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। पार्टी ने सभी क्षेत्रों और वर्गों का संतुलन साधने की कोशिश की है ताकि आने वाले समय में कोई असंतोष न उभरे।

