आपत्तिजनक कमेंट पर युवक गिरफ्तार
SSP बोले– सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
देहरादून: सोशल मीडिया पर वायरल हुई विवादित पोस्ट के बाद सोमवार रात देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र में हंगामा देखने को मिला। लाल पुल के पास बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने सड़क जाम कर अराजकता फैलाने की कोशिश भी की।
मौके पर पुलिस तुरंत पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए आपत्तिजनक कमेंट करने वाले व्यक्ति गुलशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उसे हिरासत में लिया। आपत्तिजनक पोस्ट को सोशल मीडिया से हटवाया गया।
एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और अराजकता फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले उधम सिंह नगर के काशीपुर में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
देहरादून में भी पुलिस ने काशीपुर की तर्ज पर तुरंत कार्रवाई की। प्रशासन ने कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिला पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिली।
कुल मिलाकर प्रशासन की सक्रियता और पुलिस की तत्परता ने बड़े नुकसान और स्थिति बिगड़ने से रोक लगाई, साथ ही उपद्रवियों को सख्त संदेश भी दिया गया कि किसी भी तरह की अराजकता या सांप्रदायिक तनाव सहन नहीं किया जाएगा।
