विकासनगर: विदेश में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक परिवार से चार लाख 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर विकासनगर पुलिस ने आरोपी सुबोध भट्ट निवासी सैनिक बस्ती, बालावाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हरबर्टपुर स्थित आदर्श विहार निवासी अनिता पत्नी संजय कुमार ने न्यायालय एसीजेएम विकासनगर में प्रार्थना पत्र दाखिल कर आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि उनके पति की मुलाकात कुछ समय पहले सुबोध भट्ट से हुई थी। बातचीत के दौरान सुबोध ने दावा किया कि वह विदेश में नौकरी लगवाने का काम करता है और सभी कागजी प्रक्रिया पूरी करवाकर अच्छे संस्थानों में नौकरी दिलवा सकता है।
अनिता और उनके पति ने अपने पुत्र अंकुश को विदेश भेजने की इच्छा जाहिर की। इस पर सुबोध ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह अंकुश को पोलैंड के एक प्रतिष्ठित होटल में नौकरी दिलवा देगा। इसके लिए उसने पांच लाख रुपये की मांग की। परिवार ने उसकी बातों पर भरोसा कर विभिन्न तिथियों पर कुल 4,40,000 रुपये उसे दे दिए।
कुछ समय बीतने के बाद जब परिवार ने विदेश में नौकरी की स्थिति जाननी चाही तो सुबोध लगातार बहाने बनाने लगा। जब संदेह गहराया तो उन्होंने उससे रकम लौटाने की मांग की। आरोप है कि इस पर सुबोध ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनिता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल विनोद गुसाईं ने पुष्टि की कि आरोपी सुबोध भट्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अब इसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगा है।
