Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: छात्रा को विश्वविद्यालय से नहीं मिली डिग्री, सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत, सीएम धामी ने मांगी जांच रिपोर्ट

देहरादून: उत्तराखंड सरकार जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सीएम हेल्पलाइन 1905 संचालित कर रही है। इसी क्रम में टिहरी जिले की छात्रा साक्षी ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से डिग्री न मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में निस्तारण न होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नाराजगी व्यक्त की और सचिव आईटी एवं सचिव उच्च शिक्षा को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा है।

शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साक्षी को एक सप्ताह के भीतर डिग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं के निस्तारण के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सेवाएं मिल सकें।

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सेवा के अधिकार के तहत दी जाने वाली सभी सेवाओं की जानकारी कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज होनी चाहिए। बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किस दिन वे जन समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए। सभी जिलाधिकारी प्रत्येक सप्ताह, सचिवगण महीने में दो बार और मुख्य सचिव महीने में एक बार हेल्पलाइन की समीक्षा करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि तीन माह से अधिक समय से लंबित मामलों को अभियान चलाकर निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को जनता मिलन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने होंगे। शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त लाइनों और सुरक्षा दीवारों के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण तभी माना जाएगा जब शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट होगा।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे हर महीने की 5 तारीख तक हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

Leave a Comment