छात्रसंघ को बताया नेतृत्व और जिम्मेदारी का मंच, युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर देने पर जोर
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, नेतृत्व और युवाओं की भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार रखे।
कॉलेज को बताया आदर्शों का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि DAV कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि यह आदर्शों और मूल्यों का भी प्रमुख संस्थान है। उन्होंने छात्रसंघ को नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

छात्रसंघ की भूमिका पर जोर
उन्होंने कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी देता है। आज का विद्यार्थी समाज के प्रति जागरूक हो रहा है और हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है।
नकल माफिया पर सख्ती
सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि पहले कुछ लोगों ने प्रदेश में नकल को एक व्यवस्था बना दिया था, लेकिन उनकी सरकार ने इस पर कड़ा प्रहार किया। “अब तक 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा जा चुका है,” उन्होंने कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर युवाओं को उनकी प्रतिभा, क्षमता और प्रतिस्पर्धा के आधार पर रोजगार दिलाने का काम किया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजानदास, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, खानपुर विधायक उमेश शर्मा, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा समेत कई लोग उपस्थित रहे।
