देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने सर्वे ऑफ़ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) Alumni Meet-2025 में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया और प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित और वर्तमान में रोजगाररत 150 से अधिक एल्यूमनी शामिल हुए।
मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि वर्ष 2019 से 2024 तक राज्य में 26,800 युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 26,000 से अधिक युवाओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि 21,000 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। योजना में वर्तमान में 1,119 अभ्यर्थी प्रशिक्षणरत हैं, और कुल 19 सेक्टरों के 90 ट्रेड स्वीकृत हैं।

मंत्री ने कहा, उत्तराखंड ने DDU-GKY योजना के क्रियान्वयन में पिछले पाँच वर्षों से देश के 30 राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभागीय टीम को बधाई। उन्होंने एल्यूमनी मीट को महत्वपूर्ण बताया क्योंकि यह पूर्व प्रशिक्षित युवाओं के अनुभव साझा करने का मंच बनता है और नए प्रशिक्षुओं को प्रेरणा और मार्गदर्शन प्रदान करता है। कई एल्यूमनी ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे नए प्रशिक्षुओं को दिशा और आत्मविश्वास मिला।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री जोशी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात करने का आव्हान किया और सभी प्रशिक्षित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
