Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

Uttarakhand: हाउस अरेस्ट का डर दिखा महिला से ठगे 32 लाख

देहरादून: शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक महिला को हाउस अरेस्ट और आपराधिक मामलों में फंसाने का झूठा डर दिखाकर ठगों ने 32 लाख रुपए से अधिक की मोटी रकम ऐंठ ली।

नरेंद्र विहार, देहरादून निवासी मनोरमा पंत ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीती 19 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल और फिर वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी और खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन का अधिकारी बताया। कालर ने महिला को धमकाते हुए कहा कि उन्हें अरेस्ट किया गया है और कहीं भी जाने की अनुमति नहीं है। उन्हें किसी आपराधिक मामले में फँसाने और गिरफ्तार करने की धमकी भी दी गई। डर के चलते उन्होने 19 नवम्बर को अपने बैंक खातों से 27,12,740 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद 20 नवम्बर को उनके व्हाट्सएप पर सर्वोच्च न्यायालय के फर्जी आदेश भेजकर फिर से डराया गया। इसके आधार पर 2 लाख 5 हजार की रकम संजय गुलाब कुशवाहा के नाम के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई गई।

इसके बाद 26 नवम्बर को महिला को एक बार फिर मजबूर कर 3 लाख रुपए विशाल रमेश पांडे के नाम के खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद भी उन्हें अलग-अलग नम्बरों से धमकी भरी कॉल आती रहीं और 7 लाख रुपए की और मांग की गई। जिस पर उन्हें अहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Comment