कुंभ भूमि पर अवैध कब्जे पर कड़ी नाराजगी , हरिद्वार DM ने यूपी सिंचाई विभाग को लगाई फटकार, स्वच्छता अभियान तेज करने के निर्देश
हरिद्वार: कुंभ मेला क्षेत्र की भूमि पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर डीएम मयूर दीक्षित सख्त नजर आए। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने गंगा तट पर हो रहे अवैध निर्माण और कब्ज़ों पर कार्रवाई न करने को लेकर यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग संयुक्त अभियान चलाकर मेला भूमि को अतिक्रमण मुक्त करें।
बैठक के दौरान जब डीएम ने पिछले एक महीने का अतिक्रमण-निरोधक अभियान का रिकॉर्ड मांगा तो अधिकारी जवाब देने में असमर्थ दिखे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई तेज करने के आदेश दिए।
हरिद्वार को स्वच्छ और आकर्षक बनाने पर जोर
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने स्वच्छता सुधार के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि तीर्थनगरी हरिद्वार को न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर जिला बनाया जाए। उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील की।
धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखने पर बल
डीएम ने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक नगरी है, जहां कुंभ मेला, कांवड़ यात्रा और अन्य बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं। चार धाम यात्रा का प्रवेश द्वार होने के कारण हर वर्ष देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु यहां गंगा स्नान करने आते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत जरूरी है।
स्वच्छता मॉडल जिला बनाने की तैयारी
हरिद्वार को स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल जिला बनाने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में डीएम ने जिले में कार्यरत विभिन्न एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं के साथ बैठक कर उनके सुझाव लिए और सभी को अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा।
एचआरडीए में आयोजित इस बैठक में प्रस्तावित क्षेत्रों की पहचान कर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की रणनीति तय की गई। प्रशासन का कहना है कि जनभागीदारी से ही हरिद्वार को स्वच्छ और आकर्षक तीर्थनगरी के रूप में विकसित किया जा सकता है।
