चमोली: चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) ब्लॉक स्थित ड्याली सेरा ट्रैक को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने ‘ट्रैक ऑफ द ईयर-2026’ घोषित किया है। इस घोषणा से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी चमोली अरविंद गौड़ ने बताया कि क्षेत्र के पर्यटन कारोबारियों की मांग पर इस अनछुए ट्रैक रूट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित और प्रचारित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इस संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसायटी तथा होटल एसोसिएशन औली (ज्योतिर्मठ) को पत्र जारी कर जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2026 से 30 मार्च 2027 तक ड्याली सेरा ट्रैक पर ‘ट्रैक ऑफ द ईयर-2026’ के नाम से विशेष ट्रैकिंग अभियान संचालित किए जाएंगे। अभियान का संचालन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अधीन स्थानीय पंजीकृत टूर ऑपरेटर एजेंसी अथवा फर्म के माध्यम से किया जाएगा।
पर्यटन विकास परिषद की ओर से पहले 300 ट्रैकर्स को 2,000 रुपये की सब्सिडी भी दी जाएगी। यह सब्सिडी ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर संबंधित पंजीकृत टूर ऑपरेटर या एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उत्तराखंड के साथ ही देश के अन्य हिस्सों से आने वाले ट्रैकर्स को भी इस नए ट्रैकिंग रूट का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसायटी से जुड़े पर्यटन कारोबारी विवेक पंवार ने इस घोषणा पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे पहले इसी ब्लॉक की चिनाप वैली को भी ‘ट्रैक ऑफ द ईयर’ घोषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ड्याली सेरा ट्रैक को आकर्षक और सुरक्षित बनाने के लिए कैम्प साइट, रूट मेंटेनेंस, पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नए ट्रैक रूट के विकसित होने से कुंवारी पास ट्रैक पर बढ़ते मानवीय दबाव को भी कम किया जा सकेगा। साथ ही ट्रैकर्स को एक नया विकल्प मिलेगा और क्षेत्र के स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
