पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का दून से गहरा नाता था। उनके भाई हरभजन सिंह कोहली का पूरा परिवार देहरादून के रेसकोर्स रोड पर रहता है, इस नाते उनका दून से विशेष लगाव करते थे। बचपन के दिनों में मनमोहन सिंह अपने भाई हरभजन के साथ साइकिल चलाते और फुटबाल खेला करते थे, जब भी वह अपने भाई से मिलते तो बचपन की उन्हीं यादों का जिक्र कर आनंदित हुआ करते थे।
पूर्व पीएम की कई यादें उनके भतीजे हरमीत के एलबम में सुरक्षित हैं। पूर्व पीएम का अपने भाई हरभजन सिंह कोहली से विशेष लगाव था। दरअसल, पूर्व पीएम की मां का बचपन में ही निधन हो गया था, तब हरभजन सिंह की मां यानी कि चाची रामदत्ती कौर ने ही मनमोहन सिंह का पालन-पोषण किया।
